LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

श्रीनाथ विश्वविद्यालय जमशेदपुर में 20 फरवरी को मेगा अप्रेंटिस सह जॉब फेयर का आयोजन

जमशेदपुर |

श्रीनाथ विश्वविद्यालय, जमशेदपुर में आगामी 20 फरवरी को मेगा अप्रेंटिस सह जॉब फेयर का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ विश्वविद्यालय परिसर में भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय अंतर्गत बोर्ड ऑफ प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (ईस्टर्न रीजन) के सहयोग से नेशनल अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग स्कीम के तहत किया जा रहा है।

इस मेगा जॉब फेयर का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय और कॉरपोरेट संस्थानों के बीच समन्वय स्थापित कर युवाओं को अप्रेंटिसशिप के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। आयोजन के माध्यम से स्नातक एवं डिप्लोमा धारक युवाओं को देश की प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।

यह जॉब फेयर इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी के ग्रेजुएट और डिप्लोमा धारकों के साथ-साथ सामान्य विषयों जैसे बी.ए., बी.एससी., बी.कॉम., नर्सिंग आदि (माइनिंग को छोड़कर सभी शाखाएं) के छात्रों के लिए खुला रहेगा। वर्ष 2021 से 2025 के बीच मान्यता प्राप्त संस्थानों अथवा वैध विश्वविद्यालयों से उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं इसमें भाग ले सकते हैं।

विश्वविद्यालय के डीन (प्रशासन) डॉ. जे. राजेश ने बताया कि यह पहल युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने, उद्योगों के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने और कौशल विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस जॉब फेयर के माध्यम से भारत सरकार के सहयोग से अप्रेंटिसशिप और रोजगार के अवसरों तक युवाओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।

श्रीनाथ विश्वविद्यालय की ओर से आसपास के सभी शैक्षणिक संस्थानों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक योग्य छात्रों तक इस आयोजन की जानकारी पहुंचाएं और दिए गए लिंक व क्यूआर कोड के माध्यम से समय पर पंजीकरण के लिए प्रेरित करें। इच्छुक अभ्यर्थी https://acjf-moe.in/Registration लिंक के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं।

यह मेगा अप्रेंटिस सह जॉब फेयर 20 फरवरी को सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक श्रीनाथ विश्वविद्यालय, जमशेदपुर परिसर में आयोजित होगा। विश्वविद्यालय एवं बोर्ड ऑफ प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (ईस्टर्न रीजन), भारत सरकार को उम्मीद है कि यह आयोजन युवाओं को रोजगार एवं कौशल आधारित करियर की नई दिशा देगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *