LatestNewsNews postझारखण्ड

स्वतंत्रता सेनानी अब्दुर रज्जाक अंसारी की जयंती की पूर्व संध्या पर एमटीसी में वस्त्र और कंबल वितरण

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): स्वतंत्रता सेनानी, कांग्रेसी नेता, मोमिनों और मजलूमों की आवाज तथा ऑल इंडिया मोमिन कॉन्फ्रेंस के संस्थापक स्वर्गीय अब्दुर रज्जाक अंसारी की 109वीं जयंती की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को सदर अस्पताल स्थित एमटीसी में इलाजरत बच्चों की माताओं के बीच कंबल और साड़ी का वितरण किया गया।

 

वस्त्र वितरण कार्यक्रम जिला मोमिन कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष मोअज्जम, मास्टर इरशाद अली तथा स्वास्थ्यकर्मियों के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर मोअज्जम ने कहा कि स्वर्गीय अब्दुर रज्जाक अंसारी गरीबों के मसीहा थे। उन्होंने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि कोई भी गरीब बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से उन्होंने कई हाई स्कूल और मिडिल स्कूलों की स्थापना की। साथ ही गरीब और बेसहारा लोगों तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने के लिए अस्पतालों का निर्माण भी कराया।

 

उन्होंने बताया कि 109वीं जयंती की पूर्व संध्या पर मदरसा में कुरान खानी और मिलाद का आयोजन किया गया। इसके बाद सदर अस्पताल के एमटीसी में इलाजरत बच्चों की माताओं के बीच साड़ी और कंबल वितरित किए गए।

 

इस मौके पर फैज अहमद, मो इंतखाब आलम, निलेश कुमार, एएनएम बिंदु कुमारी, रायमुनी टूटी, ज्योत्सना सिंह बेसरा, मीर कुतुबुद्दीन, मो राजा, मो फिरोज सहित अन्य उपस्थित थे।

 

बताया गया कि 24 जनवरी 2026 को जयंती के दिन संत मेरी पब्लिक स्कूल में एक समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान चित्रांकन, क्विज और गणित प्रतियोगिता में सफल 45 बच्चों को पुरस्कार दिए जाएंगे। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और सामाजिक क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले 12 लोगों को मोमिन कॉन्फ्रेंस की ओर से सम्मानित किया जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *