Newsझारखण्ड

राजद का पिकनिक सह वन भोज बना पर्यावरण संरक्षण का मंच, एक लाख वृक्षारोपण का संकल्प

सरायकेला-खरसावां। चांडिल डैम के समीप स्थित शीश महल में रविवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सरायकेला-खरसावां जिला इकाई की ओर से पिकनिक सह वन भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष गाजु साव ने की, जबकि राजद के प्रदेश महासचिव अर्जुन प्रसाद यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वन पर्यावरण एवं जलवायु रक्षा समिति के तत्वावधान में वृक्षारोपण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि अर्जुन प्रसाद यादव ने अपने संबोधन में कहा कि तेजी से बढ़ता औद्योगिक प्रदूषण, नदियों में छोड़ा जा रहा रासायनिक अपशिष्ट और जंगलों की अंधाधुंध कटाई आम जनजीवन के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण अब केवल विकल्प नहीं, बल्कि अनिवार्य आवश्यकता बन गया है। राजद इस मुद्दे को मजबूती के साथ सरकार के समक्ष उठाएगा।

वन पर्यावरण एवं जलवायु रक्षा समिति के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र सहित पूरे जिले में लगभग एक लाख वृक्षारोपण का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि इको-सेंसिटिव जोन के आसपास संचालित स्पंज आयरन और पावर प्लांट से फैल रहे प्रदूषण पर रोक लगाना अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में यह निर्णय भी लिया गया कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सभी मुद्दों को लेकर एक मांग पत्र तैयार किया जाएगा, जिसे शीघ्र ही राज्यपाल और मुख्यमंत्री को सौंपने के लिए शिष्टमंडल मुलाकात करेगा।

इस मौके पर झारखंड राजद अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष सियाराम बैठा, पार्टी प्रवक्ता मुकेश झा सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता, समिति के सदस्य और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।

Share this news

Deepak Mahato

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव   दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।   वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।   वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)   अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि क मीडिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *