सिमडेगा में PLFI की पोस्टरबाजी, बिना अनुमति काम करने पर दी गंभीर चेतावनी
सिमडेगा :


गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले रविवार देर रात सिमडेगा जिले में पीएलएफआई उग्रवादियों द्वारा दहशत फैलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। उग्रवादियों ने लचरागढ़–बाड़ी ब्रेडा रोड पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य स्थल को निशाना बनाते हुए वहां पोस्टर चिपकाए और चेतावनी दी।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे अज्ञात उग्रवादी निर्माण स्थल पर पहुंचे और वहां खड़े एक टैंकर तथा जेसीबी मशीन में आग लगाने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद कर्मचारियों की सतर्कता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी घटना टल गई और मशीनों को नुकसान नहीं हुआ।
उग्रवादियों द्वारा छोड़े गए पोस्टरों में ठेकेदार को साफ शब्दों में चेतावनी दी गई है कि संगठन से बिना संपर्क या अनुमति के किसी भी तरह का काम आगे नहीं बढ़ाया जाए। चेतावनी में कहा गया है कि निर्देशों की अनदेखी करने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
घटना के बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों और कर्मचारियों में भय का माहौल है। सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और कोई भी कर्मचारी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सिमडेगा एसपी श्रीकांत राव खोटरे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टरबाजी के जरिए दहशत फैलाने की कोशिश की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

