Newsझारखण्ड

महिला कॉलेज चाईबासा में एनएसएस बी.एड. यूनिट का ओरियंटेशन कार्यक्रम आयोजित  

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): महिला कॉलेज चाईबासा के एनएसएस बी.एड. यूनिट के स्वयंसेवकों के लिए बुधवार को ओरियंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर राजेंद्र भारती, राष्ट्रीय सेवा योजना की समन्वयक मीनाक्षी मुंडा तथा पूर्व समन्वयक दारा सिंह गुप्ता बतौर अतिथि उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। डॉ प्रीतिबाला सिन्हा ने अतिथियों का स्वागत किया और नए एनएसएस स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं।

 

इस अवसर पर डॉ अर्पित सुमन ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से राष्ट्रीय सेवा योजना का परिचय देते हुए इसके विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने पूर्व समन्वयक दारा सिंह गुप्ता के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनसे जुड़ी स्मृतियों को वीडियो और कॉलेज के माध्यम से साझा किया।

 

कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर राजेंद्र भारती ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का आदर्श वाक्य “मैं नहीं, तुम” है, जो स्वयंसेवकों को समाज सेवा, निस्वार्थ भाव और व्यक्तित्व विकास की दिशा में प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि एनएसएस का उद्देश्य सेवा के माध्यम से युवाओं को संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाना है।

 

दारा सिंह गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मुख्य उद्देश्य स्वैच्छिक सामुदायिक सेवा के माध्यम से छात्रों के व्यक्तित्व और चरित्र का विकास करना है। उन्होंने एनएसएस से जुड़ने से होने वाले लाभों की जानकारी स्वयंसेवकों को दी।

 

मीनाक्षी मुंडा ने कहा कि जीवन में सीखने की प्रक्रिया निरंतर चलती रहती है और हमें हमेशा सीखने के लिए तैयार रहना चाहिए।

 

इसके बाद राष्ट्रीय युवा दिवस और पराक्रम दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन मोबारक करीम हाशमी ने किया।

 

मौके पर डॉ बबीता कुमारी, डॉ अमृता जायसवाल, सेमेस्टर-1 एवं सेमेस्टर-3 के एनएसएस स्वयंसेवक तथा अन्य छात्राएं उपस्थित रहीं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *