JamshedpurLatestNewsNews postझारखण्ड

जमशेदपुर: 48 घंटे बाद एनडीआरएफ ने गहरे पानी से 11 वर्षीय अंकुश का शव किया बरामद

जमशेदपुर के बारीडीह क्षेत्र स्थित डोंगा घाट पर नदी में डूबे 11 वर्षीय बालक अंकुश कालिंदी का शव हादसे के करीब 48 घंटे बाद एनडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। बुधवार को रांची से पहुंची टीम ने गहरे पानी में सघन तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद शव को बाहर निकाला गया। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल छा गया।

जानकारी के अनुसार, बिरसानगर निवासी अंकुश 26 जनवरी की दोपहर डोंगा घाट में नहाने के दौरान नदी में डूब गया था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंचे, लेकिन शुरुआती घंटों में न तो प्रशिक्षित बचाव दल उतारा गया और न ही आधुनिक उपकरणों का उपयोग किया गया। समय बीतने के साथ परिजनों की चिंता और बढ़ती चली गई।

शव बरामद होने के बाद जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू घटनास्थल पर पहुंचीं और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने हरसंभव सहायता का आश्वासन देते हुए प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि यदि एनडीआरएफ की टीम समय पर बुलाई जाती, तो स्थिति अलग हो सकती थी।

हालांकि अब शव मिल गया है, लेकिन देर से हुई कार्रवाई ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *