Newsझारखण्ड

पढ़ाई और खेल विद्यार्थी जीवन का महत्वपूर्ण अंग: जोबा माझी 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): सेंट जेवियर्स बालक विद्यालय, चाईबासा में रविवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

 

वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को चार समूहों में विभाजित किया गया था। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम की शुरुआत सांसद जोबा माझी द्वारा मशाल प्रज्ज्वलन कर खेलकूद प्रतियोगिता की औपचारिक घोषणा के साथ हुई। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई और खेल दोनों ही विद्यार्थी जीवन के महत्वपूर्ण अंग हैं और दोनों में अनुशासन का होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का खेलकूद थीम “एक विद्यालय, एक भावना” सभी को एक सूत्र में बांधता है।

सांसद ने प्रतिभागियों के उत्साह और प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि जो विद्यार्थी अपनी गलतियों से सीख लेते हैं, वही आगे बढ़ते हैं। कार्यक्रम के दौरान आयोजित परेड मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।

 

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य फादर यूजीन एक्का, फादर चौन्हास खलखो, फादर एडवर्ड सरदाना, फादर वर्णन डिसूजा, फादर निकोलस केरकेट्टा, सिस्टर ज्योत्सना, डॉ. सौम्य सेन गुप्ता, विकास दोदराजका सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *