नशे के खिलाफ सख्त एक्शन: सरायकेला में NDPS मामलों की एसपी ने की गहन समीक्षा
सरायकेला:


जिले में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने कार्रवाई और तेज कर दी है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने एनडीपीएस अधिनियम से जुड़े लंबित मामलों की गहन समीक्षा की।
इस समीक्षा बैठक में सरायकेला और चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी और सभी अनुसंधानकर्ता मौजूद रहे। बैठक के दौरान विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस मामलों की जांच की प्रगति, जब्त मादक पदार्थों के फॉरेंसिक परीक्षण, आरोपपत्र दाखिल करने की स्थिति और अभियोजन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने साफ शब्दों में कहा कि मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निष्पादित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं को समयसीमा के भीतर जांच पूरी कर सशक्त साक्ष्यों के साथ आरोपपत्र न्यायालय में प्रस्तुत करने को कहा।
एसपी लुणायत ने नशा तस्करी के खिलाफ निरंतर अभियान चलाने, अंतरजिला नेटवर्क का पता लगाने और आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और इलाकों पर कड़ी निगरानी रखने तथा खुफिया तंत्र को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि एनडीपीएस मामलों में गुणवत्तापूर्ण जांच और त्वरित कार्रवाई ही नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने का सबसे मजबूत हथियार है।

