Newsझारखण्डसरायकेला

एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में पोषण प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन

सरायकेला।
एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पोषण प्रदर्शन (डेमोंस्ट्रेशन ऑफ न्यूट्रिशन) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नर्सिंग एवं जीएनएम विद्यार्थियों द्वारा किया गया, जिसमें बच्चों एवं समाज को संतुलित और पौष्टिक आहार के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्थान के चेयरमैन श्री विवेक सिंह रहे। उनके आगमन से कार्यक्रम की गरिमा और उत्साह में वृद्धि हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात प्राचार्य एवं शिक्षकों ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर प्राचार्य महोदय ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में नर्सिंग विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बच्चों के लिए हरी सब्जियों से बने व्यंजन, दाल, फल सलाद, अंकुरित अनाज, दूध से बने पदार्थ सहित विभिन्न पौष्टिक खाद्य सामग्री तैयार की। विद्यार्थियों ने व्यंजनों के पोषण मूल्य और स्वास्थ्य लाभ की भी जानकारी दी तथा बताया कि संतुलित आहार बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक है।
तैयार किए गए पौष्टिक भोजन बच्चों को परोसे गए, जिसे बच्चों ने उत्साहपूर्वक ग्रहण किया। साथ ही शिक्षकों और अतिथियों ने भी भोजन का स्वाद लिया। पोस्टर, चार्ट और मॉडल के माध्यम से संतुलित आहार के विभिन्न पहलुओं को भी प्रदर्शित किया गया।
मुख्य अतिथि श्री विवेक सिंह ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सही खान-पान से ही स्वस्थ जीवन संभव है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों के बीच प्रमाण पत्र वितरण किया गया। इस अवसर पर संस्थान के सभी शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *