सड़क दुर्घटना में घायल की मदद करने वालों को विधायक जगत मांझी ने किया सम्मानित
मनोहरपुर(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत मनोहरपुर प्रखंड में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले गोवर्धन ठाकुर एवं जोलजस कुजूर को माननीय विधायक जगत मांझी द्वारा सम्मानित किया गया। विधायक महोदय ने दोनों को गमछा ओढ़ाकर, प्रशस्ति पत्र तथा ₹2000 का चेक प्रदान कर सम्मान दिया।


इस अवसर पर माननीय विधायक जगत मांझी ने कहा कि सड़क दुर्घटना होने पर आम लोग बिना डर के घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाएं। इस तरह का मानवता भरा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है और इसमें सभी को सहभागी बनना चाहिए।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जयदीप लकड़ा ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाने वालों पर किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। सरकार की योजना के तहत ऐसे लोगों को सम्मानित भी किया जाता है, इसलिए लोग निसंकोच होकर मदद करें।
प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री शक्ति कुंज ने इस कार्य के लिए दोनों युवकों को धन्यवाद दिया और समाज में सड़क सुरक्षा एवं मानवीय संवेदनशीलता को लेकर जागरूकता फैलाने की अपील की।
इस कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार, अंचल अधिकारी प्रदीप कुमार, यशवंत कटिहार, शेखर गुरसांडी, संदीप दत्त, अमित कुमार ठाकुर, सुनी रेशमा कुजूर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

