फोकस पर्सोना स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
चक्रधरपुर(प्रकाश कुमार गुप्ता): डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को हथिया स्थित फोकस पर्सोना स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में साइबर क्राइम अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रबिन्द्र गिलुवा की पहल पर ipil Innovation के बैनर तले संपन्न हुआ।


कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रीति कुमारी ने मंच पर उपस्थित साइबर विशेषज्ञों का परिचय कराया और वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। पूरा कार्यक्रम विद्यालय के निदेशक प्रफुल कुमार पाठक और प्रधानाचार्या की देखरेख में सुव्यवस्थित रूप से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में तीन विशेषज्ञों ने साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। रबिन्द्र गिलुवा ने कार्यक्रम के सह-मेजबान के रूप में जागरूकता अभियान के उद्देश्य पर बात रखी और बताया कि सही तकनीकी जानकारी से साइबर अपराधों से बचा जा सकता है। साइबर एक्सपर्ट निर्मल सिंकू ने मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी और रोजमर्रा की सावधानियों पर जोर दिया। वहीं ipil Innovation के संस्थापक कृष्णा दिग्गी ने साइबर अपराधों के विभिन्न प्रकारों जैसे फिशिंग और ऑनलाइन फ्रॉड की जानकारी दी और उनसे बचाव के कानूनी व तकनीकी उपाय बताए।
कार्यक्रम को संवादात्मक रखा गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने इन सवालों के जवाब सरल भाषा में दिए। कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों ने भी मोबाइल और इंटरनेट के दुष्प्रभावों और सुरक्षा उपायों को समझा।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक प्रफुल कुमार पाठक ने कहा कि आज के समय में पढ़ाई के साथ-साथ डिजिटल सुरक्षा का ज्ञान होना बेहद जरूरी है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, कर्मचारी और अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में सभी ने सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

