Newsझारखण्ड

अशोक कुमार जैन जिला नॉकआउट क्रिकेट प्रतियोगिता: लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब को हराकर एमसीसी चाईबासा क्वार्टर फाइनल में

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): अशोक कुमार जैन जिला नॉकआउट क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 के तहत खेले गए मुकाबले में मिडिलसेक्स क्रिकेट क्लब (एमसीसी) चाईबासा ने लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब चक्रधरपुर को 61 रनों से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब क्वार्टर फाइनल में एमसीसी का मुकाबला 13 फरवरी को फ्रेंड्स क्लब चाईबासा से होगा।

 

बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम, चाईबासा में खेले गए इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एमसीसी चाईबासा की टीम 28.2 ओवर में 339 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।

 

पारी की शुरुआत करने आए शिवम कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 44 गेंदों पर पांच चौके और 12 छक्कों की मदद से 112 रन बनाए। पांचवें नंबर पर उतरे विकेटकीपर बल्लेबाज अरविंद कुमार ने 38 गेंदों पर दो चौके और नौ छक्कों की सहायता से 79 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 21वें ओवर में अंकित गुप्ता के एक ही ओवर में छह छक्के लगाए।

 

एमसीसी की ओर से अन्य बल्लेबाजों में तन्मय तंतुबाई ने नाबाद 42, अजित कुमार सिंह ने 36 और कुमार करण ने 34 रन बनाए। लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब की ओर से संजय प्रधान ने 45 रन देकर पांच विकेट झटके। कप्तान विवेक चौरसिया को दो विकेट मिले, जबकि अजय प्रधान, अंकित सिंह और अंकित गुप्ता ने एक-एक विकेट हासिल किया।

 

339 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब की टीम ने संघर्षपूर्ण प्रदर्शन किया, लेकिन पूरी टीम 28 ओवर में 278 रन बनाकर ऑल आउट हो गई और 61 रनों से मैच हार गई। टीम की ओर से ललित सिंह भोज ने 15 चौकों की मदद से 83 रन बनाए। अजय प्रधान ने चार चौके और आठ छक्कों की सहायता से 71 रन की पारी खेली। कप्तान विवेक चौरसिया ने 43 रन, जबकि सौरभ गुप्ता ने नाबाद 33 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाजों के असफल रहने के कारण टीम जीत से दूर रह गई।

 

एमसीसी चाईबासा की ओर से तेज गेंदबाज अजित कुमार सिंह और आदित्य पुष्कर ने तीन-तीन विकेट लिए। विशाल सिंह को दो और रौशन कुमार को एक विकेट मिला।

 

अशोक कुमार जैन जिला नॉकआउट क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को एसआर रुंगटा ग्रुप का मुकाबला टाउन क्लब चाईबासा से खेला जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *