सुनील प्रसाद साव ने विभिन्न वार्डों में चलाया जनसंपर्क अभियान, महिलाओं को प्राथमिकता देने का वादा
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा में नगर निकाय चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। अध्यक्ष पद के नौ उम्मीदवार अपने-अपने समर्थकों के साथ शहर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।


इसी क्रम में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुनील प्रसाद साव भी लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं और अपने पक्ष में समर्थन मांग रहे हैं।
सुनील प्रसाद साव के प्रवक्ता ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्हें लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। खासकर महिलाओं की बड़ी संख्या उनकी बैठकों और सभाओं में देखी जा रही है। प्रवक्ता के अनुसार, सुनील प्रसाद साव ने इस चुनाव में महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी है।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि सुनील प्रसाद साव की योजना में महिला सुरक्षा को मजबूत करना, महिलाओं के लिए मनोरंजन के साधनों की व्यवस्था करना और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराना शामिल है। इसके अलावा नगर परिषद की ओर से महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाना भी उनकी प्राथमिकता में है।
प्रवक्ता ने कहा कि जनसंपर्क के दौरान जिस प्रकार महिलाओं का समर्थन मिल रहा है, उससे यह संकेत मिलता है कि नगर निकाय चुनाव में सुनील प्रसाद साव को व्यापक समर्थन मिल सकता है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में उन्हें अच्छा परिणाम मिलने की उम्मीद है।
नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं और सभी उम्मीदवार मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए स
क्रिय हैं।

