नगर निकाय चुनाव: अध्यक्ष पद के उम्मीदवार फैयाज खान उर्फ बल्लू खान ने रखा अपना विजन
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच “नगर की सरकार” विशेष संवाद कार्यक्रम में हमारी मुलाकात अध्यक्ष पद के उम्मीदवार फैयाज खान उर्फ बल्लू खान से हुई। पेशे से व्यवसायी और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में पहचान रखने वाले फैयाज खान ने चुनाव मैदान में उतरने के पीछे अपनी सोच और उद्देश्य को स्पष्ट किया।


वार्तालाप के दौरान जब उनसे पूछा गया कि एक व्यवसायी होने के बावजूद वे अध्यक्ष पद का चुनाव क्यों लड़ना चाहते हैं, तो उन्होंने बताया कि यह निर्णय व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा का नहीं, बल्कि सामाजिक सहमति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सामाजिक बैठक में यह विचार सामने आया कि समाज से भी अध्यक्ष पद के लिए प्रतिनिधित्व होना चाहिए। सर्वसम्मति से उनका नाम प्रस्तावित किया गया, जिसके बाद उन्होंने चुनाव लड़ने का निर्णय लिया।
फैयाज खान ने कहा कि वे बड़े-बड़े वादे या अवास्तविक सपने दिखाने में विश्वास नहीं रखते। उनका कहना है कि वे “मुंगेरीलाल के हसीन सपने” नहीं दिखाना चाहते, बल्कि शहर के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ बैठकर विचार-विमर्श के माध्यम से विकास की ठोस योजना बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि शहर की दशा और दिशा बदलने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।
उन्होंने आगे कहा कि जिस तरह लोग अपने घर को सजाते और संवारते हैं, उसी तरह शहर को भी अपना घर समझना चाहिए। यहां रहने वाले सभी लोग एक परिवार की तरह हैं और नगर का विकास सभी की जिम्मेदारी है। उनका मानना है कि साफ-सफाई, बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था और पारदर्शी प्रशासन के माध्यम से शहर को बेहतर बनाया जा सकता है।
फैयाज खान उर्फ बल्लू खान ने भरोसा जताया कि वे समर्थकों के साथ मिलकर सकारात्मक सोच और जनसहभागिता के आधार पर चुनाव मैदान में उतरे हैं। अब देखना यह है कि मतदाता उनके इस विजन को कितना समर्थन देते हैं।

