भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल ने साधा निशाना हेमंत सरकार पर
जमशेदपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल ने झारखंड सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार पर जनभावनाओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है।


अमित अग्रवाल ने कहा कि सरकार बने एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद महिलाओं को ₹450 में गैस सिलेंडर देने की घोषणा अब तक पूरी नहीं की गई है। चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे किए गए थे, किंतु बजट में उन वादों को पूरा करने की कोई स्पष्ट मंशा दिखाई नहीं देती। महिलाओं को राज्य की नौकरियों में 33% आरक्षण देने का वादा भी अधूरा है, जिससे राज्य की माताओं और बहनों में निराशा है।
उन्होंने आगे कहा कि OBC वर्ग को 27% आरक्षण देने का आश्वासन भी केवल चुनावी वादा बनकर रह गया है। गरीब परिवारों को 7 किलो चावल और 2 किलो दाल मुफ्त देने तथा प्रत्येक गरीब परिवार को ₹15 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा देने जैसे महत्वपूर्ण वादों पर भी सरकार पूरी तरह विफल रही है।
अमित अग्रवाल ने कहा कि पिछले बजट में ₹1,36,000 करोड़ का प्रावधान किया गया था, किंतु सरकार यह बताने में असफल रही है कि उस बजट का कितना प्रभावी क्रियान्वयन हुआ। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार सरकार अपने लक्ष्यों का 70% भी हासिल नहीं कर सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल आंकड़ों की बाजीगरी कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।
अंत में उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार को जनता से किए गए वादों को अविलंब पूरा करना चाहिए और जनहित को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी एवं प्रभावी बजट प्रस्तुत करना चाहिए। राज्य की जनता अब जवाब चाहती है और युवा मोर्चा जनता की आवाज को मजबूती से उठाता रहेगा।

