सरायकेला: सीकेपी मंडल में ट्रेनों की देरी पर जनाक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

सरायकेला। सीकेपी मंडल क्षेत्र में यात्री ट्रेनों के लगातार विलंब से चलने और अव्यवस्थित परिचालन को लेकर यात्रियों में असंतोष गहराता जा रहा है। आम लोगों को हो रही परेशानी के बीच अब यह मुद्दा राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी तेजी से उठने लगा है।


नगर पंचायत अध्यक्ष सह ZRUCC सदस्य मनोज कुमार चौधरी ने रेलवे प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ट्रेनों का नियमित समय से न चलना यात्रियों के समय और सुविधा दोनों के साथ गंभीर लापरवाही है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति ने आम जनता की दैनिक जीवनचर्या को प्रभावित किया है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर स्थिति में तत्काल सुधार की मांग की गई है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ट्रेनों के संचालन में सुधार नहीं हुआ तो स्थानीय जनता के सहयोग से व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी।
ZRUCC सदस्य होने के नाते उन्होंने यह भी कहा कि वे पूर्व में कई बैठकों में यह मुद्दा उठा चुके हैं, लेकिन अब तक किसी प्रकार का ठोस सुधार देखने को नहीं मिला है, जो चिंता का विषय है।
उन्होंने रेलवे से मांग की है कि ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए, देरी के कारणों की पारदर्शी जांच हो तथा यात्रियों को बेहतर सूचना और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि हालात नहीं सुधरे तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से तेज किया जाएगा। सरायकेला क्षेत्र के यात्रियों ने भी इस मुद्दे पर जल्द समाधान की उम्मीद जताई है।

