पेयजल आपूर्ति में अनियमितता पर सख्ती, नगर पंचायत अध्यक्ष ने किया औचक निरीक्षण

सरायकेला: शहर में अनियमित पेयजल आपूर्ति एवं जल गुणवत्ता को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों के बाद नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने शनिवार को जल शोधन संयंत्र (WTP) का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ उपाध्यक्ष अविनाश कवि, वार्ड पार्षद विक्रम मोदक एवं गौतम नायक सहित नगर पंचायत की टीम मौजूद रही।


निरीक्षण के दौरान जल एवं स्वच्छता विभाग के सिविल व मैकेनिकल इंजीनियर, सहायक अभियंता, सिटी मैनेजर सुमित सुमन, कनीय अभियंता संदीप कुमार तथा अन्य कर्मी उपस्थित थे। अध्यक्ष ने जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि पेयजल की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि हर माह नदी से प्राप्त कच्चे जल, ईएसआर के माध्यम से आपूर्ति किए जा रहे फिल्टर जल तथा उपभोक्ताओं के घरों से नमूने लेकर अधिकृत प्रयोगशाला में नियमित जांच कराई जाए और उसकी रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराई जाए।
अध्यक्ष ने जलापूर्ति प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए नई मोटर लगाने, जुस्को कनेक्शन की संभावनाओं का परीक्षण करने तथा मोटर रूम को वातानुकूलित करने हेतु तकनीकी प्रतिवेदन शीघ्र तैयार करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा WTP परिसर के बाहर गंदगी पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सफाई कराने तथा जल निकासी की समस्या को देखते हुए कल्वर्ट व नाली निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
अध्यक्ष श्री चौधरी ने कहा कि नगर पंचायत का मुख्य उद्देश्य आम जनता को स्वच्छ, सुरक्षित एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम नागरिकों से भी जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी समस्या की सूचना नगर पंचायत को देने की अपील की।

