Newsझारखण्डसरायकेला

पांड्रा पंचायत में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन, ग्रामीणों को बैंकिंग योजनाओं की दी गई जानकारी

 

सरायकेला-खरसावां:

साख फाउंडेशन के तत्वावधान में भारतीय रिजर्व बैंक के ‘मनी वाइज प्रोग्राम’ के अंतर्गत शनिवार को पांड्रा पंचायत भवन में एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता जागरूकता सह वित्तीय समावेशन शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में ग्रामीणों को बैंक खाता खोलने, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही केवाईसी, डीबीटी और बैंक खातों में नॉमिनी जोड़ने की प्रक्रिया भी मौके पर ही पूरी कराई गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक (एलडीएम) वारुण कुमार चौधरी उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को सुरक्षित बैंकिंग, डिजिटल भुगतान और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि वित्तीय साक्षरता से ही ग्रामीण आत्मनिर्भर बन सकते हैं।

शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना तथा पेंशन, केसीसी लोन और अन्य योजनाओं की जानकारी देना था। इस दौरान पंचायत स्तर पर बीसी (बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट) कैंप का भी आयोजन किया गया, ताकि लोगों को मौके पर ही बैंकिंग सुविधाएं मिल सकें।

कार्यक्रम में साख फाउंडेशन के जिला प्रभारी अभिषेक कुमार गौतम, गौतम कुंवर, सीएफएल प्रभारी हरिराम मार्डी, सीएफएल ट्रेनर बबिता महतो एवं पंचायत सचिव अशोक कुमार महतो उपस्थित रहे। वहीं बैंक ऑफ इंडिया सरायकेला के बीसी अमृत महतो ने ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने में सहयोग किया।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाया।

Share this news