सरायकेला–खरसावाँ में जनगणना–2027 की तैयारी तेज, 16 मई से शुरू होगा प्रथम चरण

सरायकेला–खरसावाँ,



भारत की जनगणना–2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी नीतिश कुमार सिंह ने समाहरणालय सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी, जिसमें प्रथम चरण 16 मई से 14 जून 2026 तक चलेगा, जबकि द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या गणना फरवरी 2027 में प्रस्तावित है।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। प्रगणक और पर्यवेक्षक टैब/मोबाइल जैसे डिजिटल उपकरणों से डेटा संग्रह कर सीधे केंद्रीय सर्वर पर अपलोड करेंगे। साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए 1 मई से 15 मई 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिसके तहत आमजन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
प्रथम चरण के दौरान घर-घर जाकर परिवार एवं आवास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एकत्रित की जाएगी। इसमें परिवार के सदस्यों का विवरण, शिक्षा, उपलब्ध संसाधन जैसे टीवी, इंटरनेट, वाहन आदि शामिल होंगे। इन आंकड़ों का उपयोग सरकार द्वारा योजनाओं के निर्माण और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में किया जाता है।
जिले में इस कार्य के लिए 12 चार्ज (3 शहरी और 9 ग्रामीण) बनाए गए हैं और कुल 2245 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) निर्धारित किए गए हैं। इसके लिए 2518 कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही 46 फील्ड ट्रेनर्स के माध्यम से 27 अप्रैल से 13 मई 2026 तक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उपायुक्त ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है, जिसमें सभी की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि प्रगणक जब घर आएं तो सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं तथा स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें।
उन्होंने मीडिया की भूमिका को भी अहम बताते हुए कहा कि जागरूकता फैलाने में मीडिया की भागीदारी बेहद जरूरी है। उपायुक्त ने विश्वास जताया कि नागरिकों और मीडिया के सहयोग से जिले में जनगणना–2027 का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
इस मौके पर अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, जिला सांख्यिकी एवं मूल्यांकन पदाधिकारी कमलेश कुमार दास समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

