मजदूर दिवस पर आदित्यपुर में निकलेगी विशाल महारैली, 500 से अधिक मजदूरों के शामिल होने की संभावना

मजदूर दिवस पर आदित्यपुर में निकलेगी विशाल महारैली, 500 से अधिक मजदूरों के शामिल होने की संभावना



आदित्यपुर,
आगामी 1 मई अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर आदित्यपुर में झारखंड मजदूर यूनियन जिला समिति की ओर से एक भव्य “मजदूर एकता विशाल महारैली” आयोजित की जाएगी। इसे लेकर यूनियन द्वारा एक प्रेस वार्ता आयोजित कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह महारैली आदित्यपुर-गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र के मिरुडीह से प्रारंभ होकर ऊपरबेड़ा स्थित शहीद रतिलाल महतो समाधि स्थल तक जाएगी। रैली की शुरुआत आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य मार्ग से होगी, जो गम्हरिया थाना मोड़ होते हुए ऊपरबेड़ा मैदान पहुंचेगी। यहां मजदूर नेता स्वर्गीय रतिलाल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद रैली एक सभा में परिवर्तित हो जाएगी।
यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि मजदूर दिवस के अवसर पर औद्योगिक प्रतिष्ठानों में अवकाश घोषित रहता है, बावजूद इसके पूर्व वर्षों में कुछ कंपनियों द्वारा मजदूरों से जबरन कार्य कराने की शिकायतें सामने आई थीं। इस वर्ष यूनियन ने सभी औद्योगिक प्रबंधन से अपील की है कि मजदूरों को अवकाश के साथ-साथ वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी कंपनी द्वारा मजदूरों से जबरन काम कराए जाने की सूचना मिलती है, तो संबंधित प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
यूनियन के अनुसार, इस महारैली में जिले भर से 500 से अधिक मजदूरों के शामिल होने की संभावना है। विशेष रूप से आदित्यपुर-गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र के मजदूरों से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।
प्रेस वार्ता के दौरान मजदूर नेता सुनील गोराई, सकला मार्डी, गणेश टुडू, सुनील हेम्ब्रम, गिरी बैसरा, जगदीश राव, सुखदेव कुम्हार, सपन सरदार और शंकर लोहार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

