LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

गम्हारिया में जनरल स्टोर में आग, कोल्ड ड्रिंक्स समेत लाखों का नुकसान

सरायकेला-खरसवाँ ज़िले के गम्हारिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गंजिया बैराज के समीप सोमवार सुबह एक जनरल स्टोर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, दुकानदार बिस्वजीत नायक की दुकान में करीब 11 बजे शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी।

 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले दुकान के अंदर से धुआं निकलता दिखा, जिसके कुछ ही देर में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में रखे कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें जलती और फटती हुई दिखाई दीं, जिससे आग और तेजी से फैलने लगी। प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण लपटें और भी तेज हो गईं।

 

आसपास के लोगों ने तुरंत अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया।

 

इस घटना में लगभग 3 लाख रुपये के सामान के नुकसान का अनुमान है। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों और घरों को बड़ा नुकसान होने से बचा लिया गया।

 

फिलहाल प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है, जबकि प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है। स्थानीय लोगों ने बिजली व्यवस्था की जांच और सुरक्षा उपायों को लेकर प्रशासन से मांग भी की है।

Share this news