सरायकेला: जनता दरबार में उठे सड़क, बिजली और रोजगार से जुड़े मुद्दे, कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निपटारा

सरायकेला-खरसावां: समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में मंगलवार को उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।



जनता दरबार में नागरिकों ने कांड्रा मुख्य मार्ग पर जर्जर एवं झूलते विद्युत तारों को बदलने, सड़क अतिक्रमण और नालियों के गंदे पानी से हो रही परेशानी को प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना की लंबित दूसरी किस्त के भुगतान, नीमडीह एवं खरसावां प्रखंड के लैम्प्स में धान विक्रय के बाद बायोमेट्रिक और ऑनलाइन प्रविष्टि में देरी जैसे मामलों को भी रखा गया।
वहीं, शहीद पार्क खरसावां में रख-रखाव के लिए माली की नियुक्ति, सीएम उत्कृष्ट विद्यालय योजना के तहत मातृभाषा आधारित पठन-पाठन की व्यवस्था बहाल करने तथा पेसा अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप चयन प्रक्रिया सुनिश्चित कराने से जुड़े आवेदन भी सामने आए। इसके अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा और जन वितरण प्रणाली से संबंधित कई शिकायतें भी दर्ज की गईं।
उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया, जबकि शेष मामलों के लिए संबंधित अधिकारियों को जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

