Newsझारखण्ड

स्वास्थ्य सेवाओं पर डीसी सख्त: लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश, नियमित निरीक्षण अनिवार्य

सरायकेला-खरसावां: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को लेकर उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदर अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) सहित सभी स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने राजनगर में हाल ही में हुई जच्चा-बच्चा की मौत की घटना पर गंभीर चिंता जताई और इसे स्वास्थ्य व्यवस्था में लापरवाही का संकेत बताया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस तरह की घटनाएं किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हैं और भविष्य में ऐसी चूक पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि आम जनता को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं, बावजूद इसके यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है, तो जवाबदेही तय करते हुए कठोर कदम उठाए जाएंगे।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रतिदिन कम से कम एक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं, कर्मियों की उपस्थिति और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का आकलन करने को कहा गया।

साथ ही सभी चिकित्सा पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार ड्यूटी पर उपस्थित रहने और कार्यस्थल के समीप निवास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

उपायुक्त ने डीपीएम और बीपीएम को भी अपनी कार्यशैली में सुधार लाने की हिदायत दी और कहा कि स्वास्थ्य सेवा एक संवेदनशील क्षेत्र है, जहां किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जरूरत पड़ने पर विभागीय कार्रवाई के साथ प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल विकास कुमार राय सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this news