सपारूम में संदिग्ध परिस्थितियों में जंगली हाथी की मौत, करंट से मौत की आशंका

तिरूलडीह: सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत तिरुलडीह और सपारूम गांव के बीच स्थित जंगल में एक जंगली हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि हाथी बिजली के तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और तिरुलडीह पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तिरुलडीह और सपारूम के बीच जंगल क्षेत्र में इन दिनों हाथियों का एक झुंड डेरा डाले हुए है। इसी इलाके में बिजली के तार होने की बात भी सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि हाथी उसी तार के संपर्क में आने से करंट की चपेट में आ गया।फिलहाल वन विभाग की टीम हाथी की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीण वन विभाग की कार्रवाई और जांच पर नजर बनाए हुए हैं।




