Newsझारखण्डसरायकेला

राजनगर हाथीसेरंग मामला: जच्चा-बच्चा मौत के बाद उपायुक्त नितीश कुमार सिंह व जोबा माझी पहुंचे, प्रशासन सख्त, मुआवजा दिया गया

सरायकेला जिले के राजनगर प्रखंड स्थित हेरमा पंचायत के हाथीसेरंग गांव में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को सिंहभूम सांसद जोबा माझी, जिला उपायुक्त नितीश कुमार सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम गांव पहुंची और पीड़ित परिवार से मुलाकात की।

अधिकारियों ने परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि सरकारी प्रावधान के तहत परिवार को पहले ही ₹20,000 की तात्कालिक सहायता राशि तथा ₹4,00,000 का मुआवजा चेक प्रदान किया जा चुका है।

मौके पर अधिकारियों ने मुआवजे की प्रक्रिया की पुष्टि भी की और कहा कि आगे की सभी औपचारिकताएं नियमों के अनुसार पूरी की जाएंगी।

सांसद जोबा माझी ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाए जाएंगे।

टीम ने गांव में स्वास्थ्य व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और प्रसव के दौरान सामने आई कथित लापरवाही के विभिन्न पहलुओं की जानकारी एकत्र की।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं, वहीं स्थानीय लोगों ने बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share this news