LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

साप्ताहिक जनता दरबार में पहुंचे ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोग, उपायुक्त ने सुनी समस्याएं

सरायकेला-खरसावां : समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में शुक्रवार को उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों को उपायुक्त के समक्ष रखा।

जनता दरबार में गम्हरिया प्रखंड के लाल बिल्डिंग के समीप सड़क अतिक्रमण से आवागमन बाधित होने, चांडिल स्थित बामणी नदी मुक्ति धाम की जर्जर स्थिति एवं संपर्क पथ की मरम्मत, धान अधिप्राप्ति, राइट टू एजुकेशन एक्ट के तहत निजी विद्यालयों में नामांकन समेत कई मामलों को उठाया गया। इसके अलावा ईचागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने तथा अवैध बालू उत्खनन पर कार्रवाई की मांग भी लोगों ने की।

राजनगर प्रखंड में जच्चा-बच्चा मृत्यु मामले में कथित लापरवाही को लेकर संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी, एएनएम और स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई की मांग भी जनता दरबार में उठी। वहीं आदित्यपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र मांझी टोला में सेविका चयन में अनियमितता को लेकर भी आवेदन सौंपा गया।

जनता दरबार के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य आपूर्ति और जन वितरण प्रणाली से जुड़े कई अन्य मामलों पर भी लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों में से कई मामलों का त्वरित निष्पादन मौके पर ही किया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Share this news