Newsझारखण्डसरायकेला

गम्हरिया में पहले निर्माण फिर शिलान्यास! उप स्वास्थ्य केंद्र को लेकर उठे सवाल

सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत छोटा गम्हरिया पंचायत में प्रस्तावित उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। मामला बलरामपुर स्थित एनकेएस मैदान के समीप बन रहे उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का है, जहां निर्माण कार्य शुरू होने के बाद शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

जानकारी के अनुसार, निर्माण स्थल पर कई दिनों से काम चल रहा था और निर्माण सामग्री भी पहले से मौजूद थी। इसी बीच हाल ही में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष, जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल समेत अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। लेकिन निर्माण कार्य पहले शुरू हो जाने और बाद में शिलान्यास किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा तेज हो गई है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि सामान्य तौर पर किसी भी सरकारी योजना में पहले शिलान्यास किया जाता है और उसके बाद निर्माण कार्य शुरू होता है। ऐसे में यहां उल्टी प्रक्रिया अपनाए जाने से पारदर्शिता और विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई कि कहीं निर्माण प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी तो नहीं हुई।

 

हालांकि मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों ने इसे सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया बताते हुए कहा कि योजना पहले से स्वीकृत थी और कार्य प्रगति पर था। शिलान्यास कार्यक्रम को केवल औपचारिक शुरुआत के रूप में आयोजित किया गया।

 

इसके बावजूद स्थानीय लोगों की मांग है कि संबंधित विभाग निर्माण कार्य की स्वीकृति तिथि, प्राक्कलन राशि, कार्य एजेंसी और निगरानी व्यवस्था की जानकारी सार्वजनिक करे, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रम या शंका की स्थिति समाप्त हो सके।

 

ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र जैसे जनहित से जुड़े कार्यों में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है, ताकि लोगों का भरोसा बना रहे और विकास कार्यों पर सवाल खड़े न हों।

Share this news