सरायकेला-खरसावां में आदिवासी एवं पीवीटीजी समुदायों के लिए विशेष जागरूकता अभियान 18 से 25 मई तक “बेनेफिशियरी सैचुरेशन कैंप” का आयोजन

सरायकेला-खरसावां जिले में आदिवासी एवं विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) समुदायों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से 18 मई से 25 मई 2026 तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले के संबंधित गांवों में “बेनेफिशियरी सैचुरेशन कैंप” का आयोजन किया जाएगा।



जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के आलोक में समेकित जनजाति विकास अभिकरण (ITDA) द्वारा यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य पात्र लाभुकों को चिह्नित कर उन्हें योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराना है।
अभियान के दौरान आधार कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन, छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, सामाजिक सुरक्षा एवं बैंकिंग सेवाओं सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही शिविरों में ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण, आवेदन प्राप्ति एवं दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा।
उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने जिलेवासियों, विशेषकर आदिवासी एवं पीवीटीजी समुदाय के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में शामिल होकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य “संतृप्ति आधारित लाभ वितरण” सुनिश्चित करना है।
उन्होंने सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दूरस्थ एवं जनजातीय बहुल क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार और शिविरों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।
यह अभियान जिले में अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

