सरायकेला-खरसावां में जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति की बैठक सम्पन्न, 60 मामलों में अनुग्रह अनुदान स्वीकृत

सरायकेला-खरसावां जिले में अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में जिले में विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से संबंधित प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई।



बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष, विभिन्न नगर निकायों के मेयर एवं अध्यक्ष, सरायकेला और चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान सड़क दुर्घटना के 12, अतिवृष्टि के 45, घर गिरने से मृत्यु का 1, पानी में डूबने से मृत्यु के 2, सर्पदंश से मृत्यु का 1 तथा आंधी-तूफान में पेड़ की डाली गिरने से मृत्यु के 1 मामले सहित कुल 62 मामलों पर विचार किया गया।
बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद 62 में से 60 मामलों में अनुग्रह अनुदान राशि स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया। वहीं दो मामलों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर संबंधित अभिलेख पूर्ण कर पुनः समिति के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार ने सभी अंचलाधिकारियों एवं अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आपदा प्रबंधन से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा सत्यापन उपरांत मामलों को जिला स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाए।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों और मृतकों के आश्रितों को निर्धारित समयावधि के भीतर अनुग्रह अनुदान राशि उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करें।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि आपदा प्रबंधन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार पंचायत स्तर तक किया जाए तथा ग्रामीण क्षेत्रों एवं विद्यालयों में “आपदा के समय क्या करें और क्या न करें” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि आपदा से संबंधित मामलों में मृत्यु प्रमाण पत्र, पोस्टमार्टम रिपोर्ट या यूडी केस नंबर जारी होने में विलंब होने पर संबंधित अधिकारी अथवा उपायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

