जमशेदपुर में जदयू की प्रमंडलीय बैठक 26 मई को, तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता

जादूगोड़ा : जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो के आगामी 26 मई को प्रस्तावित जमशेदपुर दौरे को लेकर पार्टी संगठन सक्रिय हो गया है। प्रमंडलीय बैठक की तैयारियों को लेकर सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।



जानकारी के अनुसार 26 मई को भुईयांडीह बस स्टैंड स्थित होटल क्रिस्टल के सभागार में प्रमंडलीय बैठक आयोजित होगी। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो के भव्य स्वागत के लिए विशेष स्वागत समिति का गठन किया गया।
बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां, मंच व्यवस्था, स्वागत कार्यक्रम, प्रचार-प्रसार तथा विभिन्न जिलों से आने वाले प्रतिनिधियों की भागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि यह प्रमंडलीय बैठक संगठन को नई दिशा देने के साथ आगामी रणनीति तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि वे कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटें तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो, विधायक सरयू राय के साथ पुराना कोर्ट स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा, महाराणा प्रताप चौक स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा तथा मानगो पुल के समीप स्थापित लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद वे बैठक स्थल पहुंचेंगे, जहां कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा।
इस दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं गोलचक्करों को झंडे-बैनर से सजाने, प्रचार-प्रसार, नगर सज्जा, महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, पंजीयन, प्रतिनिधियों के स्वागत, सभागार एवं भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारियां विभिन्न पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों एवं थाना अध्यक्षों को सौंपी गईं।
बैठक में प्रदेश महासचिव संजय ठाकुर, कौशल कुमार, प्रदेश युवा अध्यक्ष निर्मल सिंह, जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, जिला महासचिव कुलबिंदर सिंह पन्नू, बीर सिंह देवगाम, युवा अध्यक्ष नीरज सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष राजेश प्रसाद, विजय सिंह, दीपक गौड़, मृत्युंजय शर्मा, अर्जुन यादव, लालू गौड़, शमशाद खान, अशोक सिंह, संजीव सिंह एवं दिनेश सिंह समेत कई नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

