Newsझारखण्ड

धनबाद में युवक की हत्या के बाद सड़क जाम, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

 

 

धनबाद : सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत हीरापुर-चिरागोड़ा श्मशान रोड स्थित मैदान में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चिरागोड़ा निवासी 42 वर्षीय राजेश चंद्रवंशी के रूप में हुई है। उनका घर घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर बताया जा रहा है।

 

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं परिजन मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटना से आक्रोशित लोगों ने शव को लेकर रणधीर वर्मा चौक पहुंचकर सड़क जाम कर दिया, जिससे कुछ देर तक यातायात बाधित रहा।

 

मृतक के भाई रितेश कुमार ने बताया कि राजेश हीरापुर हटिया में मोबाइल डाउनलोड की दुकान चलाते थे। रविवार रात उनकी मोबाइल पर बातचीत हुई थी, लेकिन उसके बाद उनका फोन स्विच ऑफ हो गया। पूरी रात परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

 

परिजनों का आरोप है कि स्थानीय दुकानदारों ने बताया था कि एक व्यक्ति दुकान पर पहुंचकर राजेश को जान से मारने की धमकी देकर गया था। इस सूचना के बाद परिजन धनबाद थाना पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने उन्हें सुबह आने की बात कहकर लौटा दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस समय पर सक्रिय होती तो शायद राजेश की जान बचाई जा सकती थी।

 

घटना की सूचना मिलने पर धनबाद विधायक राज सिन्हा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर एसएसपी से बातचीत की गई है। यदि किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों द्वारा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Share this news