18 महीने से फरार आरोपी गिरफ्तार, कपाली ओपी पुलिस की बड़ी सफलता

चांडिल : कपाली ओपी पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपाली ताजनगर निवासी सबीर अली उर्फ सोनू उर्फ सन्नु बच्चा के रूप में हुई है। वह चांडिल थाना (कपाली ओपी) कांड संख्या 262/24, दिनांक 10 दिसंबर 2024 का नामजद अभियुक्त था।



जानकारी के अनुसार कपाली निवासी नाजिश जिया के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया था कि सबीर अली समेत चार लोगों ने मिलकर वादी पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी और तकनीकी निगरानी की जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। उसके खिलाफ जमशेदपुर और सरायकेला जिले के विभिन्न थानों में पूर्व से नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी कई संगीन मामलों में भी संलिप्त रहा है।
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।


