Newsझारखण्डसरायकेला

महापुरुषों की प्रतिमाओं, मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई को लेकर नगर पंचायत की समीक्षा बैठक

 

सरायकेला: नगर क्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक महत्व के स्थलों की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर पंचायत सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने की। इसमें विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने और नियमित निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

बैठक में नगर क्षेत्र में स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं, मंदिरों, श्मशान घाटों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही लंबे समय से जमा कचरे, झाड़ियों और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

 

अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि धार्मिक और सार्वजनिक महत्व के स्थलों की स्वच्छता नगर की पहचान और नागरिकों की भावनाओं से जुड़ा विषय है। ऐसे स्थानों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करता है, बल्कि नगर की सकारात्मक छवि को भी मजबूत करता है।

बैठक के दौरान सफाई कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए विभिन्न अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई कर्मियों के बीच जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया। प्रत्येक क्षेत्र में कार्यों की निगरानी और समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को जवाबदेही सौंपी गई।

 

नगर प्रबंधक सुमित सुमन और महेश जारिका के नेतृत्व में पीआईयू कर्मियों, सफाई पर्यवेक्षकों और एमएसडब्ल्यू एजेंसी के प्रतिनिधियों की तैनाती विभिन्न स्थलों पर करने का निर्णय लिया गया। उन्हें नियमित निरीक्षण, समन्वय और सफाई कार्यों की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है।

 

अध्यक्ष ने बताया कि हाल ही में चलाए गए 22 दिवसीय विशेष सफाई अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए नगर के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाए रखने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है।

 

बैठक में उपस्थित वार्ड पार्षदों, सफाई पर्यवेक्षकों, पीआईयू कर्मियों और एमएसडब्ल्यू एजेंसी के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने का भरोसा दिलाया। अंत में नगरवासियों से भी सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और सफाई अभियान में सहयोग करने की अपील की गई।

Share this news