सरायकेला-खरसावां/आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के चुना भट्टा के समीप हुए सड़क हादसे में 20 वर्षीय कन्हैया दास की मौत हो गई। मृतक आदित्यपुर-2 स्थित रायडीह बस्ती का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह स्कूटी से दवा लेने निकला था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रैक्टर (संख्या: JH05BG3553) ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल कन्हैया दास को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मंगलवार को परिजन आदित्यपुर थाना पहुंचे और दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी, उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। परिजनों ने प्रशासन को दो घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर ठोस आश्वासन नहीं मिला, तो वे शव को मुख्य सड़क पर रखकर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुर्घटना के समय वाहन में मौजूद एक मजदूर को पुलिस के हवाले किया गया था, इसके बावजूद अब तक ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। लोगों ने क्षेत्र में भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर भी चिंता जताते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है।