+2 हाई स्कूल चौका में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, छात्र-छात्राओं को कानून और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

चौका : शुक्रवार को चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत +2 हाई स्कूल, चौका में थाना प्रभारी गौरव कुमार बर्मा के नेतृत्व में जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय में उपस्थित छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों की विस्तृत जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया गया।


कार्यक्रम में नशा मुक्ति, डायन प्रथा रोकथाम अधिनियम, महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध, महिला सुरक्षा, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, डायल-112, साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए टोल फ्री नंबर 1930, बच्चा चोरी की अफवाहों से सावधान रहने तथा महिलाओं के लिए बने कानूनी प्रावधानों एवं अधिकारों की जानकारी दी गई।
इसके अलावा सड़क सुरक्षा नियमों और दुर्घटना के दौरान घायलों की सहायता करने वाले नागरिकों के लिए लागू गुड समैरिटन (Good Samaritan) प्रावधान के बारे में भी विस्तार से बताया गया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लेने में संकोच न करें।
थाना प्रभारी गौरव कुमार बर्मा ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि वे स्वयं सुरक्षित रहें और समाज में भी जागरूकता फैलाने में अपनी भूमिका निभा सकें।

