LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

पीएम स्वनिधि योजना के 6 वर्ष पूर्ण होने पर सरायकेला नगर पंचायत में लोक कल्याण मेले का आयोजन

सरायकेला। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर पंचायत सरायकेला द्वारा नगर पंचायत टाउन हॉल में लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने स्ट्रीट वेंडरों, महिला स्वयं सहायता समूहों (SHG) एवं उपस्थित नागरिकों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि पिछले छह वर्षों में लगभग 300 आवेदनों में से 275 पात्र स्ट्रीट वेंडरों को पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि छोटे व्यवसायियों को सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक मजबूती प्रदान करने का एक सशक्त माध्यम है।
उन्होंने लाभुकों से समय पर ऋण चुकाने, डिजिटल भुगतान अपनाने तथा अपने व्यवसाय के विस्तार पर ध्यान देने की अपील की, ताकि भविष्य में अधिक ऋण एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया जा सके।
कार्यक्रम में महिला स्वयं सहायता समूहों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2,500 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जा रही है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत के 100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर नगर क्षेत्र की महिलाओं से विकास, स्वच्छता, रोजगार एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे। प्राप्त सुझावों में से 10 श्रेष्ठ प्रस्तावों को चयनित कर राज्य सरकार के सहयोग से नगर क्षेत्र में लागू करने का प्रयास किया जाएगा तथा चयनित महिलाओं को नगर पंचायत द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सरकार स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, वनोपज एवं कृषि आधारित उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है, जिससे महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों एवं छोटे उद्यमियों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।
उन्होंने सभी स्ट्रीट वेंडरों से स्वच्छता बनाए रखने, निर्धारित स्थानों पर व्यवसाय करने तथा नगर के विकास एवं स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम को कार्यपालक पदाधिकारी विपुल सन्नी एवं उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने भी संबोधित किया और योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन नगर मिशन प्रबंधक मणि मुकुट सोरेन ने किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर, महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्याएं तथा नगर पंचायत के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
Share this news