LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन में सात दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर का शुभारंभ

आदित्यपुर: श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन, आदित्यपुर में सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर 6 जुलाई से 12 जुलाई 2026 तक गम्हरिया प्रखंड के उदयपुर गांव में आयोजित किया जाएगा। शिविर की शुरुआत कोल्हान विश्वविद्यालय की एनएसएस समन्वयक डॉ. मीनाक्षी मुंडा ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए ओरिएंटेशन कार्यक्रम से की।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. मीनाक्षी मुंडा ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य, सामाजिक दायित्व और स्वयंसेवकों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए समाज सेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का भी बोध कराते हैं।

महाविद्यालय की ओर से बताया गया कि सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान प्रत्येक दिन अलग-अलग सामाजिक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दूसरे दिन पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। तीसरे दिन स्वयंसेवक ग्रामीणों के बीच प्रौढ़ शिक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाएंगे। चौथे दिन त्रिनेत्र हॉस्पिटल के सहयोग से ग्रामीणों के लिए नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। पांचवें दिन हाईफाई जमशेदपुर एनजीओ द्वारा जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन वितरण किया जाएगा। छठे दिन सहायक प्राध्यापक विनय सिंह सांडिल मानव तस्करी विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का संचालन करेंगे।

शिविर के अंतिम दिन महाविद्यालय प्रबंधन एवं एनएसएस इकाई ग्रामीणों से संवाद कर कार्यक्रम का फीडबैक लेगी। साथ ही पूरे शिविर की उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। महाविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस विशेष शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक सेवा की भावना विकसित करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता फैलाना है।

Share this news