अभय सिंह के बयान पर JLKM का तीखा पलटवार, जिला अध्यक्ष दीपक महतो बोले- गठबंधन का सहारा छोड़ मैदान में आइए, जनता बता देगी असली ताकत

जमशेदपुर: भाजपा प्रवक्ता अभय सिंह के बयान पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने तीखा पलटवार किया है। पार्टी के जिला अध्यक्ष दीपक महतो ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि नई राजनीतिक ताकतों को कमतर आंकने की भूल भाजपा को भारी पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता करती है, न कि राजनीतिक बयानबाजी।


प्रेस विज्ञप्ति में दीपक महतो ने कहा कि यदि भाजपा नेताओं को अपनी लोकप्रियता और संगठन पर इतना ही भरोसा है तो वे गठबंधन का सहारा छोड़कर चुनावी मैदान में उतरें। इसके बाद जनता खुद तय कर देगी कि किसके साथ कितना जनसमर्थन है और किसकी राजनीतिक जमीन कितनी मजबूत है।
दीपक महतो ने यह भी कहा कि भाजपा खुद को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बताती है, लेकिन यदि ऐसा है तो फिर एक नई राजनीतिक पार्टी से इतना डर क्यों है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच बढ़ते JLKM के जनाधार से भाजपा घबराई हुई है और इसी कारण लगातार बयानबाजी की जा रही है।
उन्होंने अभय सिंह के उस कथित बयान पर भी आपत्ति जताई, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज कराने की मांग और सरकार बदलने संबंधी टिप्पणी की गई थी। दीपक महतो ने कहा कि इस तरह की भाषा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है और यह राजनीतिक अहंकार को दर्शाती है।
प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने स्पष्ट किया कि JLKM किसी दबाव या धमकी की राजनीति से डरने वाली पार्टी नहीं है। उन्होंने कहा कि संगठन जनता के अधिकारों, जनहित के मुद्दों और झारखंड के हितों की लड़ाई पहले भी लड़ता रहा है और आगे भी पूरी मजबूती से लड़ता रहेगा।
हालांकि, JLKM की ओर से जारी इस प्रेस विज्ञप्ति पर भाजपा की तरफ से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। दोनों दलों के बीच तेज होती बयानबाजी के बाद राज्य की राजनीति में इसे लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

