मोबाइल खोजने का झांसा देकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, पांच आरोपी गिरफ्तार

गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र में मोबाइल तलाशने का झांसा देकर एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।


पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि मोबाइल खो जाने के बाद कुछ लोगों ने ओझा-गुनी की मदद से उसे खोज देने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि इसी बहाने उसे महागामा थाना क्षेत्र के एक गांव में ले जाया गया, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच के दौरान मुख्य आरोपी मो. अकरम को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चार अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त एक टोटो और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

