जेपीएससी-जेएसएससी में नौकरी दिलाने का दावा करने वाला संदिग्ध चौका में पकड़ा गया, पुलिस जांच में जुटी

सरायकेला-खरसावां: जिले के चौका थाना क्षेत्र में जेपीएससी और जेएसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में नौकरी दिलाने का दावा करने वाले एक संदिग्ध व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।


जानकारी के अनुसार, गुरुचरण साव नामक व्यक्ति ने संदिग्ध को यह कहकर चौका बुलाया कि उसकी भांजी प्रतियोगी परीक्षा की अभ्यर्थी है और नौकरी दिलाने के एवज में तय राशि तथा चेक सौंपना है। जैसे ही संदिग्ध व्यक्ति चौका पहुंचा, पहले से मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और चौका थाना पुलिस को सौंप दिया।
सूत्रों का दावा है कि पकड़ा गया व्यक्ति खुद को जेपीएससी और जेएसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में नौकरी दिलाने में सक्षम बताकर लोगों को अपने झांसे में लेता था। आरोप है कि वह इसके बदले बड़ी रकम की मांग करता था। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान पुलिस को उसके पास से कुछ दस्तावेज और कई चेक मिले हैं। बरामद सामग्री की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मामले में किसी संगठित गिरोह या अन्य लोगों की भी संलिप्तता है या नहीं।
फिलहाल चौका थाना पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। थाना प्रभारी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और तथ्यों के सत्यापन के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई और विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

