राजनगर : कुनाबेड़ा में झामुमो ने शहीद निर्मल महतो को किया नमन, प्रतिमा पर चढ़ाए श्रद्धासुमन

सरायकेला/राजनगर: शहीद निर्मल महतो की 39वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को राजनगर प्रखंड के कुनाबेड़ा चौक पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शहीद निर्मल महतो के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।


झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रामसिंह हेम्ब्रम के नेतृत्व में कार्यकर्ता पैदल कुनाबेड़ा चौक पहुंचे। हाथों में पार्टी का झंडा लिए कार्यकर्ताओं ने ‘जय झारखंड’ और ‘शहीद निर्मल महतो अमर रहें’ के नारे लगाए। इसके बाद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
झामुमो नेता कालीपद सोरेन ने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने झारखंड आंदोलन को मजबूती देने के साथ-साथ यहां के लोगों के हक और अधिकार के लिए संघर्ष किया। उनका बलिदान झारखंड के लोगों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उनके सपनों के झारखंड के निर्माण के लिए उनके विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस दौरान झामुमो की ओर से केंद्र सरकार से शहीद निर्मल महतो को पद्मभूषण सम्मान देने की मांग भी उठाई गई। नेताओं ने कहा कि झारखंड आंदोलन में उनके योगदान और बलिदान को देखते हुए उन्हें देश के प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित किया जाना चाहिए।
मौके पर केंद्रीय सदस्य विशु हेम्ब्रम, बुद्धिजीवी मोर्चा के जिलाध्यक्ष दुर्गालाल मुर्मू, दिलीप महतो, सुबोल महतो, छुटू महतो, भक्तु मार्डी, सिंह सरदार, सुधीर मुर्मू, मुबारक हुसैन, सूरज सोरेन, राजाराम सरदार समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

