Newsझारखण्डसरायकेला

कुनाबेड़ा में शहीद निर्मल महतो को नमन, भाजपा और जेएलकेएम कार्यकर्ताओं ने किया माल्यार्पण

 

राजनगर: झारखंड आंदोलन के अमर शहीद निर्मल महतो की 39वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को राजनगर प्रखंड के कुनाबेड़ा चौक पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर भाजपा और जेएलकेएम के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया।

भाजपा के सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता कुनाबेड़ा चौक पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च किया और ‘जय झारखंड’ तथा ‘शहीद निर्मल महतो अमर रहें’ के नारे लगाए। इसके बाद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

भाजपा नेताओं ने कहा कि निर्मल महतो ने झारखंड के लोगों के अधिकार और सम्मान के लिए संघर्ष किया। झारखंड आंदोलन में उनके योगदान और बलिदान को हमेशा याद किया जाएगा। नेताओं ने उनके विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए झारखंड के विकास के लिए काम करने की बात कही।

भाजपा जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान ने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने झारखंड की जनता के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके संघर्ष और बलिदान से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलती रहेगी। उनके सपनों के झारखंड के निर्माण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

जेएलकेएम ने भी किया माल्यार्पण

वहीं, जेएलकेएम नेता प्रेम मार्डी के नेतृत्व में पार्टी के कार्यकर्ता भी कुनाबेड़ा चौक पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

प्रेम मार्डी ने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने झारखंड के लोगों के हक और अधिकार के लिए संघर्ष किया था। उनके विचारों को आगे बढ़ाना और झारखंड के जल, जंगल व जमीन की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करना ही उनके प्रति सच्चा सम्मान होगा।

इस दौरान भाजपा और जेएलकेएम कार्यकर्ताओं ने शहीद निर्मल महतो के आदर्शों को आगे बढ़ाने तथा झारखंड के हित और जनसरोकार के मुद्दों पर काम करने का संकल्प लिया।

Share this news