चांडिल में AIDSO की नुक्कड़ सभा, JPSC-JSSC-CGL परीक्षाओं में धांधली की CBI जांच की मांग

चांडिल: सरायकेला-खरसावां: ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) की सरायकेला-खरसावां जिला कमिटी की ओर से रविवार, 9 अगस्त को चांडिल चौक बाजार में नुक्कड़ सभा आयोजित की गई। सभा के माध्यम से JPSC, JSSC और CGL परीक्षाओं में कथित अनियमितता एवं धांधली के खिलाफ आवाज बुलंद की गई।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए AIDSO के जिला अध्यक्ष विशेश्वर महतो ने कहा कि रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 16 दिनों से हजारों छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से अब तक छात्रों की मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। AIDSO ने आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में एकजुटता जताते हुए आगे भी आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी।
संगठन ने JPSC, JSSC और CGL परीक्षाओं में कथित धांधली की CBI जांच कराने, झारखंड सरकार द्वारा सभी प्रतियोगी परीक्षाओं का परीक्षा कैलेंडर अविलंब जारी करने और पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की।
इसके अलावा AIDSO ने केंद्र सरकार की NEP 2020 को वापस लेने तथा NTA को रद्द करने की भी मांग उठाई।
AIDSO ने कहा कि यदि सरकार छात्रों की मांगों पर जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लेती है, तो आगामी 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में संगठन सक्रिय रूप से भाग लेगा। संगठन ने स्कूल-कॉलेज के छात्रों और युवाओं से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की।
नुक्कड़ सभा में AIDSO जिला अध्यक्ष विशेश्वर महतो, जिला सचिव युधिष्ठिर प्रामाणिक, प्रभात कुमार महतो, खुशी पोद्दार, पूजा कुमारी, राजा प्रामाणिक, समीर महतो, तरुण महतो, हरिपाल महतो, कृष महतो, वरुण महतो समेत अन्य छात्र एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


