गम्हरिया प्रखंड में खाद संकट, निजी दुकानों में कालाबाजारी का आरोप

गम्हरिया प्रखंड क्षेत्र में खाद की किल्लत से किसान परेशान हैं। नारायणपुर लैम्प्स में पिछले कई दिनों से डीएपी और यूरिया खाद की आपूर्ति नहीं होने के कारण किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि लैम्प्स में ऊपर से ही खाद की आपूर्ति नहीं हो रही है।


वहीं, आरोप है कि सरकारी सब्सिडी वाली खाद नारायणपुर और कालाडुंगरी बाजार की कुछ निजी दुकानों में ऊंची कीमत पर बेची जा रही है। बताया जा रहा है कि डीएपी खाद का एक बोरा करीब 2600 रुपये और यूरिया का बोरा करीब 600 रुपये में बेचा जा रहा है। इससे किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
मामले को लेकर गम्हरिया प्रखंड के हल्दीबनी निवासी समाजसेवी और भाजपा नेता करण महतो ने झारखंड सरकार से शिकायत की है। उनकी शिकायत जांच के लिए संयुक्त सचिव मोहम्मद आसिफ हसन के पास पहुंची है।
करण महतो ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और किसानों को सरकारी दर पर पर्याप्त मात्रा में डीएपी एवं यूरिया खाद उपलब्ध कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि शिकायत के बाद विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है और किसानों को खाद संकट से कब राहत मिलती है।

