Newsझारखण्ड

जयराम महतो के आरोपों पर पुलिस एसोसिएशन का पलटवार, 5 दिन में गिरफ्तारी का अल्टीमेटम

 

 

झारखंड में जेएलकेएम विधायक जयराम महतो और पुलिस एसोसिएशन के बीच विवाद अब और गहराता नजर आ रहा है। जयराम महतो की ओर से पुलिस एसोसिएशन पर लगाए गए आरोपों के बाद झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पलटवार किया है।

 

पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल मुर्मू ने जयराम महतो के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यदि उनका उद्देश्य झारखंड पुलिस एसोसिएशन का अपमान करना था, तो यह उनकी वीडियो में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। उन्होंने बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/2026, दिनांक 22 मई 2026 के मामले का हवाला देते हुए धनबाद एसपी से पत्राचार किए जाने की जानकारी दी।

 

राहुल मुर्मू ने कहा कि विधायक जयराम महतो समेत अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पांच दिनों के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर एसोसिएशन राज्यभर के शाखा पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ आंदोलन करेगा।

 

पुलिस एसोसिएशन की ओर से इस पत्र की प्रतिलिपि राज्यपाल, मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों, मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और डीजीपी को भी भेजे जाने की बात कही गई है।

 

वहीं, निजता के अधिकार और संविधान के अनुच्छेद 21 का हवाला दिए जाने पर राहुल मुर्मू ने सवाल उठाया कि यदि किसी थाना प्रभारी से फोन पर कथित तौर पर अपशब्द कहे गए और थाना प्रभारी ने अपने बचाव में बातचीत रिकॉर्ड की, तो इसे निजता का उल्लंघन कैसे कहा जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी की गरिमा को ठेस पहुंचाने के बाद रिकॉर्डिंग सामने आने पर निजता के अधिकार की बात करना उचित नहीं है।

 

पुलिस एसोसिएशन ने जयराम महतो पर मुद्दों को चुनिंदा तरीके से उठाने का भी आरोप लगाया। राहुल मुर्मू ने कहा कि किसी भी मामले को पूरे संदर्भ में देखा जाना चाहिए। उन्होंने बालू विवाद और एनजीटी के आदेशों का जिक्र करते हुए कहा कि बरसात के दौरान बालू खनन और नदी से जुड़े कार्यों पर प्रतिबंध की स्थिति रहती है और लोगों को कथित अवैध गतिविधियों के लिए उकसाना उचित नहीं है।

 

राहुल मुर्मू ने पुलिस एसोसिएशन पर नक्सली भेदभाव और चुनिंदा पुलिसकर्मियों का पक्ष लेने के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन ने अलग-अलग मामलों में पुलिसकर्मियों के हित में आवाज उठाई है और आगे भी अपने सदस्यों के अधिकारों के लिए आवाज उठाता रहेगा।

 

इस पूरे विवाद के बीच पुलिस एसोसिएशन ने जयराम महतो से गलत आरोप लगाने से बचने और किसी भी मुद्दे को पूरे संदर्भ में देखने की अपील की है। वहीं, पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी के बाद अब इस मामले में पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सबकी नजर है।

 

लेटेस्ट अपडेट के लिए जुड़े रहिए छोटानागपुर LIVE के साथ।

Share this news