जयराम महतो के समर्थन में उतरे गौतम महतो, बोले- “अभिमन्यु नहीं बनने दूंगा, कृष्ण की तरह साथ हूँ”

झारखंड में डुमरी विधायक जयराम महतो से जुड़े कथित ऑडियो के वायरल होने और पुलिस एसोसिएशन की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उनकी गिरफ्तारी को लेकर पांच दिन का अल्टीमेटम दिए जाने के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच कोल्हान के युवा नेता गौतम महतो ने जयराम महतो के समर्थन में खुलकर बयान दिया है।


गौतम महतो ने कहा कि वे बड़े भाई होने के नाते जयराम महतो को अपना छोटा भाई मानते हैं और इस मुश्किल परिस्थिति में उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक तौर पर दोनों के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि संकट की घड़ी में वे उनका साथ छोड़ देंगे।
गौतम महतो ने अपने बयान में कहा कि वे जयराम महतो को अभिमन्यु नहीं बनने देंगे और कृष्ण की तरह उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि जयराम महतो के खिलाफ बनाए जा रहे कथित चक्रव्यूह को तोड़ा जाएगा।
गौतम महतो ने पुलिस संगठन पर भी तीखा हमला बोलते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और कहा कि जनता के मुद्दों को लेकर वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। उनके इस बयान के बाद जयराम महतो के समर्थन में राजनीतिक आवाजें और तेज होती दिखाई दे रही हैं।
वहीं, जयराम महतो के कथित वायरल ऑडियो, पुलिस एसोसिएशन के अल्टीमेटम और गिरफ्तारी की मांग को लेकर आने वाले दिनों में झारखंड की राजनीति में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।


