राजनगर में भालू के हमले से 80 वर्षीय ग्रामीण गंभीर घायल, वन विभाग को दी गई सूचना

राजनगर:- सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड क्षेत्र में रविवार सुबह भालू के हमले से 80 वर्षीय ग्रामीण मानसिंह हांसदा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुबह करीब 5:45 बजे की बताई जा रही है।


जानकारी के अनुसार, बलरामपुर गांव निवासी मानसिंह हांसदा अपने गांव से बैठकालसाईं की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके पैर की हड्डी टूट गई है। इसके अलावा भालू ने शरीर के कई हिस्सों में काटने के साथ नाखून से खरोंचकर उन्हें घायल कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल मानसिंह हांसदा को इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां उन्हें भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
इधर, घटना की सूचना वन विभाग को भी दे दी गई है। वन विभाग की टीम द्वारा घटना की जानकारी जुटाने और इलाके में भालू की मौजूदगी को लेकर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।


