Newsझारखण्डसरायकेला

मानभूम एफसी ने जीता एचएलएम ट्रॉफी का खिताब, टॉस से हुआ फाइनल का फैसला

 

चांडिल प्रखंड के धातकीडीह-भादूडीह में जन सेवा ही लक्ष्य की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता एचएलएम ट्रॉफी सीजन-05 का बुधवार को भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में मानभूम एफसी, चोगा-ईचागढ़ ने जय तारा, चांडिल को हराकर खिताब अपने नाम किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। ट्राईब्रेकर में भी मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद कमेटी के अंतिम निर्णय से टॉस कराया गया, जिसमें मानभूम एफसी को विजेता घोषित किया गया।

 

समापन समारोह में जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने समाजसेवी हरेलाल महतो को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए एचएलएम ट्रॉफी के आयोजन की सराहना की। सांसद ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को हरेलाल महतो के रूप में एक निष्ठावान समाजसेवी मिला है। उन्होंने कहा कि भगवान करें हर क्षेत्र में हरेलाल महतो जैसे समाजसेवी हों।

 

सांसद ने फुटबॉल के विकास पर चिंता जताते हुए कहा कि यह दुख की बात है कि भारत की अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टीम अपेक्षित स्तर पर नहीं पहुंच पाई है, जबकि दुनिया के कई छोटे देश अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से झारखंड से भी प्रतिभावान खिलाड़ी निकलेंगे और आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। शाम को आयोजित पुरस्कार समारोह में जमशेदपुर रैफ के कमांडेंट राजीव कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके हाथों विजेता मानभूम एफसी, चोगा-ईचागढ़ को तीन लाख रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई। उपविजेता जय तारा, चांडिल को महंत विद्यानंद सरस्वती ने दो लाख रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

 

तृतीय स्थान प्राप्त एसी ब्लैक, जमशेदपुर और चतुर्थ स्थान पर रही बमबम भोले टीम को एक-एक लाख रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई। मानभूम एफसी के दीपक हांसदा को मैन ऑफ द सीरीज तथा जय तारा के अमृत गोप को बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार मिला।

 

इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री डॉ भूषण मुर्मू, जिला परिषद सदस्य असित सिंह पात्र, पूर्व जिला परिषद सदस्य मधुसूदन गोराई, प्रोफेसर रविशंकर मौर्या, बॉबी जालान, आशीष कुंडू, अधिवक्ता महेंद्र महतो, भाजपा युवा नेता मनोरंजन महतो, दुर्योधन गोप, लक्ष्मीकांत महतो, गोपेश महतो, तुलसी महतो, दिगंबर सिंह आदि अनेकों गण्य मान्य लोग मौजूद थे। 

 

रक्तदान में भी बना नया रिकॉर्ड

 

एचएलएम ट्रॉफी के दौरान मैदान के समीप जन सेवा ही लक्ष्य की ओर से ब्रह्मानंद ब्लड बैंक, तमोलिया के सौजन्य से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी लगाया गया। इस वर्ष शिविर में 252 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जो पिछले वर्ष के 157 यूनिट की तुलना में काफी अधिक है। रक्तदाताओं को आयोजकों की ओर से हेलमेट और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

Share this news