Newsझारखण्डसरायकेला

दुर्गा पूजा को लेकर तिरुलडीह थाना में शांति समिति की बैठक संपन्न

 

शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में पूजा संपन्न कराने पर बनी सहमति, समितियों को दिए गए दिशा-निर्देश

 

 

कुकड़ू : सरायकेला-खरसावां जिला के तिरुलडीह थाना परिसर में बुधवार को शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी बिपुल कुमार ओझा ने की। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के सदस्यों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द कायम रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

 

उपस्थित लोगों ने सर्वसम्मति से शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा संपन्न कराने पर सहमति जताई तथा प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्णय लिया। इस दौरान थाना प्रभारी बिपुल कुमार ओझा ने पूजा समितियों के सदस्यों को दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन की ओर से जारी विशेष दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था, बिजली एवं अग्नि सुरक्षा सहित विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की। साथ ही उन्होंने सभी पूजा समितियों से उनकी तैयारियों एवं सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली और आवश्यक सुझाव दिए।

 

थाना प्रभारी ने कहा कि दुर्गा पूजा आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द का पर्व है। ऐसे में सभी पूजा समितियां एवं स्थानीय लोग मिल-जुलकर पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचने की अपील की। किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या अप्रिय स्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की बात कही, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पूजा समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। मौके पर जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार साव, तिरुलडीह मुखिया सुधीर सिंह, लेटमदा मुखिया इंद्रजीत सिंह, पूर्व मुखिया गोरा चांद सिंह, विजय कोयरी, धरनी प्रामाणिक सहित विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share this news