हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन, हिल व्यू अस्पताल में ली अंतिम सांस; झारखंड में शोक की लहर
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार को निधन हो गया। उन्होंने रांची के बरियातू रोड स्थित हिल व्यू अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही सोरेन परिवार, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया गया कि रूपी सोरेन पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रही थीं। सितंबर महीने में तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उनका इलाज हैदराबाद में भी कराया गया था। पिछले कुछ दिनों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई थी।
बुधवार को उनकी तबीयत अचानक अधिक बिगड़ गई। चिकित्सकों ने उन्हें जीवनरक्षक प्रणाली पर रखा और लगातार निगरानी की जा रही थी। मां की गंभीर स्थिति की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। हालांकि, चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान रूपी सोरेन का निधन हो गया।
रूपी सोरेन के स्वास्थ्य को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बुधवार के कई निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए गए थे। वहीं, प्रस्तावित कैबिनेट बैठक को भी स्थगित कर दिया गया था। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए थी।
रूपी सोरेन की उम्र करीब 80 वर्ष बताई जा रही है। उनके निधन से सोरेन परिवार को एक और गहरा पारिवारिक आघात लगा है। इससे पहले उनके पति और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का 4 अगस्त 2025 को निधन हुआ था।
रूपी सोरेन के निधन की खबर के बाद झामुमो नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव
दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।
वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।
वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)
अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि
क मीडिया


